Eid-ul-Fitr Celebrated with Great Enthusiasm in Auraiya
खबर यूपी के जनपद औरैया से है जहां आज खुशियों और भाईचारे का पर्व ईद जनपद व पूरे भारत में बड़े ही हर्षोल्लास व भाईचारे के साथ मनाया गया।इस दौरान औरैया की जमालशाह ईदगाह व फफूंद शरीफ मुख्य ईदगाह में हजारों मुस्लिम समुदाय के लोगों ने रब के हुज़ूर अपने सरो को झुकाकर ईद की नमाज अदा की बाद नमाज़ ईदगाह में मौजूद लोगों ने रब के सामने अपने हाथों को उठाकर मुल्क में अमन चैन व खुशहाली की दुआएं मांगी और एक दूसरे से गले मिलकर ईद की खुशियां बांटी।
वहीं आज सुबह मौसम के बदले मिजाज़ का भी लोगों पर कोई असर न पड़ा और लोगों का हुजूम सुबह घने कोहरे के बीच ही नमाज़ के लिए नगर की बाईपास स्थित मुख्य ईदगाह की ओर पहुंचने लगा था। औरैया जमाल शाह स्थित ईदगाह में शहर काजी मौलाना सैयद गुलाम अब्दुस्समद मियां चिश्ती ने व फफूंद शरीफ की ईदगाह में मौलाना सैयद नवाज़ अख़्तर चिश्ती ने तथा जामा मस्जिद आस्ताना आलिया समदिया में हुज़ूर सैयद अब्दुल्लाह मियां चिश्ती ने हजारों मुस्लिम समुदाय के लोगों को ईद की नमाज़ अदा करायी।
बाद नमाज़ सभी मस्जिदों में मुल्क में अमनचैन और खुशहाली कायम रहने की दुआएँ माँगी गयीं।नमाज़ के दौरान सुरक्षा के लिए ईदगाह व मस्जिदों के बाहर भारी पुलिस बल मौजूद रहा।वहीं नगर पंचायत फफूंद की ओर से ईदगाह व नगर के तमाम रास्तों पर कलई डलवाकर सफाई का विशेष प्रबंध किया गया था। वहीं ईदगाह व जामा मस्जिद के बाहर लगे विभिन्न प्रकार के झूलों से बच्चों ने झूला झूलकर बड़ा लुत्फ उठाया और आपस में ईद की खुशियां बांटीं।
