Deadly Land Dispute Clash in Khargone
बिलखेड़ गांव में दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प, इलाके में तनाव
खरगोन जिले के झिरन्या जनपद अंतर्गत ग्राम बिलखेड़ में जमीन विवाद को लेकर शनिवार रात दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से तीर-कमान, तलवार और लाठियों से हमला किया गया। घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि महिलाओं और बच्चों सहित 10 लोग घायल हो गए।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया है। स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। सभी घायलों का जिला अस्पताल में इलाज जारी है, वहीं एक युवक की हालत गंभीर होने पर उसे इंदौर रेफर किया गया है।
अस्पताल सूत्रों के अनुसार, संघर्ष में अड़ता जमरे (40) पिता दशरथ जमरे की मौत हो गई। मृतक की पत्नी और दोनों बेटे भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों में प्रेम (14), सूरज (15), मसरीबाई (35), मुकेश (35), दशरथ (50), कालू (80), राकेश (35), विजय (19), रेमाल (35) और सुनील (22) शामिल हैं।
सूचना मिलते ही चैनपुर थाना और हेलापड़ावा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, डॉक्टरों की रिपोर्ट और घायलों के बयान के आधार पर दोनों पक्षों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया जा रहा है।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और गांव में शांति बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
