शाहजहांपुर में बदहाल सड़क को लेकर ग्रामीणों ने अनोखा विरोध प्रदर्शन किया है। जब प्रशासन ने गांव की सड़क नहीं बनवाई तो ग्रामीणों ने दलदल में तब्दील हो चुकी सड़क पर ही धान की रोपाई कर दी। ग्रामीणों का कहना है कि जब यह सड़क स्कूली बच्चों के निकलने के काम नहीं आ सकती तो कम से कम इस पर फसल तो उगाई ही जा सकती है। सड़क पर धान रोपाई का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
पूरा मामला मदनापुर ब्लॉक के बिरिया खुर्द गांव का है। जहां बारिश के बाद गांव की दो सड़कें पूरी तरह दलदल में बदल गई हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि कई वर्षों से सड़क बदहाल है। करीब 170 मीटर लंबी इस सड़क से निकलना मुश्किल हो गया है।
ग्रामीणों ने सड़क बनवाने के लिए ब्लॉक से लेकर जिला प्रशासन तक शिकायत की, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। इसके बाद ग्रामीणों ने नाराजगी जताते हुए दलदली सड़क पर ही धान की रोपाई शुरू कर दी।
ग्रामीणों का कहना है कि यह गांव के स्कूली बच्चों के लिए मुख्य रास्ता है, लेकिन कीचड़ और दलदल के कारण बच्चों का स्कूल जाना तक मुश्किल हो गया है। मजबूरी में ग्रामीणों ने प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने के लिए अनोखा तरीका अपनाया।
सड़क पर धान की रोपाई का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोग भी प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं।
