दतिया: मध्यप्रदेश के दतिया जिले की बड़ौनी पुलिस ने 11 महीने पुराने अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए मृतक के बेटे और उसके ताऊ को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक Mayur Khandelwal ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में मामले का खुलासा करते हुए बताया कि वैज्ञानिक जांच और पूछताछ के आधार पर हत्या की वारदात का पर्दाफाश हुआ।
पुलिस के अनुसार, गुमशुदगी की जांच के दौरान आरोपी नितिन सिंह बुंदेला ने पहले पुलिस को गुमराह करने के लिए ट्रैक्टर-हल से हुई दुर्घटना में पिता की मौत की कहानी बताई थी। हालांकि, एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की वैज्ञानिक जांच में उसका दावा गलत साबित हुआ। इसके बाद सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार कर ली।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 40 हजार रुपये के विवाद को लेकर उसने सो रहे अपने पिता के सिर पर कुल्हाड़ी से वार कर उनकी हत्या कर दी थी। वारदात के बाद उसने शव को करीब छह महीने तक छिपाकर रखा और बाद में अपने ताऊ की मदद से शव को ठिकाने लगाने का प्रयास किया।
पुलिस ने मामले में मृतक की हड्डियां बरामद कर ली हैं। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
प्रेस वार्ता में पुलिस अधीक्षक के साथ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंजीत सिंह चावला, एसडीओपी विनायक शुक्ला, बड़ौनी थाना प्रभारी दिनेश सिंह राजपूत सहित जांच टीम के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। पुलिस ने मामले के खुलासे में शामिल टीम की सराहना की।
