Community Toilet Remains Shut Even After 5 Years
बलरामपुर: Balrampur के हरैय्या सतघरवा विकासखंड क्षेत्र से सरकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत उजागर करने वाला मामला सामने आया है। बरहवा गांव में लाखों रुपये की लागत से बना सामुदायिक शौचालय करीब पांच साल बाद भी शुरू नहीं हो सका है। शौचालय बंद पड़े होने से ग्रामीणों में भारी नाराजगी है।
स्वच्छ भारत मिशन के तहत गांव में लोगों की सुविधा के लिए सामुदायिक शौचालय का निर्माण कराया गया था, लेकिन निर्माण पूरा होने के बाद भी इसका संचालन शुरू नहीं हो पाया। ग्रामीणों का आरोप है कि शौचालय सिर्फ शोपीस बनकर रह गया है और जिम्मेदार अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
गांव के लोगों का कहना है कि शौचालय बंद होने से महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को सबसे ज्यादा परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मजबूरी में लोगों को आज भी खुले में शौच के लिए जाना पड़ता है, जिससे स्वच्छता अभियान के दावों पर सवाल उठ रहे हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सामुदायिक शौचालय को चालू कराने और नियमित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि लोगों को बुनियादी सुविधा मिल सके।
