नई दिल्ली। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दिल्ली के व्यापारियों और उद्योगपतियों से सीधा संवाद कर उन्हें हरियाणा में निवेश करने का आमंत्रण दिया। इस दौरान उन्होंने राज्य सरकार की उद्योग एवं व्यापार समर्थक नीतियों की जानकारी भी साझा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार हर कदम पर व्यापारी वर्ग के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि “विकसित भारत, विकसित हरियाणा” के संकल्प के साथ राज्य सरकार सतत आर्थिक विकास और औद्योगिक प्रगति की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।
संवाद कार्यक्रम के दौरान कई उद्योगपतियों ने मुख्यमंत्री को व्यापार और औद्योगिक विकास से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि सरकार इन सुझावों पर गंभीरता से विचार करेगी।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा में ऐसी आधुनिक मार्केट विकसित की जाएगी, जहां अगले 50 वर्षों तक भी बुनियादी ढांचे से जुड़ी कोई समस्या न आए। उन्होंने कहा कि राज्य में निवेशकों के लिए बेहतर सुविधाएं और अनुकूल माहौल उपलब्ध कराया जा रहा है।
इस अवसर पर हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह सहित कई उद्योगपति और व्यापारी भी मौजूद रहे।
