रामपुर। उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले में नेशनल हाईवे पर शुक्रवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बरेली पुलिस लाइन के वज्र वाहन चालक कांस्टेबल अशोक कुमार की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे में महिला कांस्टेबल आरती भी घायल हो गईं, जिनका जिला अस्पताल रामपुर में उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, बरेली पुलिस लाइन का वज्र वाहन (UP32FG5891) नेशनल हाईवे से गुजर रहा था। इसी दौरान थाना शहजादनगर क्षेत्र के झुनैया पुल के ऊपर वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लोगों और पुलिस की मदद से दोनों पुलिसकर्मियों को जिला अस्पताल रामपुर पहुंचाया गया।
अस्पताल में उपचार के दौरान वज्र वाहन चालक कांस्टेबल अशोक कुमार ने दम तोड़ दिया। अशोक कुमार (42) बुलंदशहर जिले के ग्राम मुशायना के निवासी थे। वह स्वर्गीय जयपाल सिंह के पुत्र थे और बरेली पुलिस की परिवहन शाखा में चालक के पद पर तैनात थे।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। ड्यूटी के दौरान साथी पुलिसकर्मी की असामयिक मृत्यु से विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने गहरा दुख व्यक्त किया। वहीं, घायल महिला कांस्टेबल आरती का जिला अस्पताल में इलाज जारी है।
पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है।
रिपोर्टर : प्रवीन कुमार शर्मा
स्थान : बरेली
