सहारनपुर। सहारनपुर के थाना मंडी क्षेत्र में पुलिस और हत्या के प्रयास के एक वांछित आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान आरोपी को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, 29 अगस्त की रात शक्लापुरी रोड पर वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने हत्या के प्रयास के मुकदमे में वांछित साकिब अहमद को रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि पीछा किए जाने पर उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से .315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।
घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक, साकिब अहमद वर्तमान में निसार रोड, रायवाला, थाना मंडी, सहारनपुर का निवासी है, जबकि उसका मूल निवास आशिफनगर, हैदराबाद बताया गया है।
क्षेत्राधिकारी प्रथम रविकांत पराशर ने बताया कि आरोपी हत्या के प्रयास के मामले में वांछित था। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
रिपोर्ट: सैय्यद कामरान
