बागपत जनपद से एक ऐसी प्रेरणादायक खबर सामने आई है, जिसने पूरे क्षेत्र का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है। मेरठ जनपद के सिवाल खास निवासी होनहार युवा असगर हुसैन ने देश के प्रतिष्ठित संस्थान आईआईटी हैदराबाद से भौतिक विज्ञान में पीएचडी की उपाधि प्राप्त कर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। असगर ने न सिर्फ शिक्षा के क्षेत्र में नया मुकाम हासिल किया, बल्कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी अपने शोध का लोहा मनवाया है।
मेरठ जनपद के ग्राम सिवाल खास निवासी असगर हुसैन ने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, यानी आईआईटी हैदराबाद से फिजिक्स में पीएचडी पूरी कर अपने परिवार, गांव और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। दीक्षांत समारोह में उन्हें पीएचडी की उपाधि प्रदान की गई।
पीएचडी के दौरान असगर हुसैन ने यूनाइटेड किंगडम के मैनचेस्टर में आयोजित अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक सम्मेलन में अपने शोध का सफलतापूर्वक प्रस्तुतीकरण किया। उनके नाम दो पेटेंट और छह अंतरराष्ट्रीय शोध-पत्र प्रकाशित हैं, जो उनकी वैज्ञानिक प्रतिभा का प्रमाण हैं।
असगर का शोध कंप्यूटर मेमोरी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, सेमीकंडक्टर और आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक्स जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों से जुड़ा है, जिसका भविष्य की तकनीक में अहम योगदान माना जा रहा है।
असगर हुसैन ने अपनी सफलता का श्रेय अपने परिवार को दिया। उनके पिता राशिद अली, जो पुलिस अधीक्षक कार्यालय बागपत में वरिष्ठ लिपिक हैं, और परिवार के अन्य सदस्यों के सहयोग व मार्गदर्शन ने इस सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
