India to Receive 4th S-400, Rajasthan Deployment Likely
कानपुर: देहात के झींझक नगरपालिका क्षेत्र के सुभाष नगर में मंगलवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब इंडियन आर्मी के एक जवान का शव संदिग्ध परिस्थितियों में उसके किराए के मकान के भीतर नग्न अवस्था में मिला। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर भारी भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है, वहीं फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से अहम साक्ष्य एकत्र किए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलपुर थाना क्षेत्र के सुभाष नगर निवासी आनंद उर्फ सुवेंद्र सिंह चौहान (38) पुत्र अतर सिंह भारतीय सेना में तैनात थे और वर्तमान में महाराष्ट्र के अहमदनगर में उनकी पोस्टिंग थी। वह करीब 15 दिन पहले छुट्टी पर घर आए थे और अपनी पत्नी निधि तथा दो बेटों देव और वेद के साथ झींझक में किराए के मकान में रह रहे थे। उनके माता-पिता गांव मुरली पुरवा लछिया (कंचौसी) में निवास करते हैं।
बताया गया कि मंगलवार को मृतक की पत्नी ने अपने देवर की पत्नी को सूचना दी कि सुवेंद्र पिछले दो दिनों से कमरे का दरवाजा नहीं खोल रहे हैं और अंदर से दुर्गंध आ रही है। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने दरवाजा खुलवाया तो अंदर का नजारा देखकर सभी सन्न रह गए। जवान का शव कमरे में पड़ा था और हालत बेहद संदिग्ध थी। परिजनों के अनुसार शव पर गंभीर चोटों के निशान थे और पास में एक धारदार हथियार भी मिला है, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है।
मौके से पुलिस ने एक दवा की शीशी और शराब की बोतल भी बरामद की है, जिन्हें जांच के लिए भेजा गया है। परिजनों का आरोप है कि मृतक और उसकी पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। मृतक के भाई राजेंद्र ने सीधे तौर पर पत्नी और उसके मायके पक्ष पर हत्या में शामिल होने की आशंका जताई है।
फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा है और परिजन बार-बार बेहोश होते नजर आए।
