Amity Student Death Sparks Controversy
नोएडा: सेक्टर-94 स्थित एक निर्माणाधीन सोसाइटी में गड्ढे में डूबकर हुई छात्र की मौत अब विवादों में घिर गई है। एमिटी विश्वविद्यालय के छात्र हर्षित भट्ट (23) की मौत के मामले में जहां पुलिस इसे हादसा बता रही है, वहीं परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार, परीक्षा समाप्त होने के बाद हर्षित अपने तीन दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने सेक्टर-94 क्षेत्र में गया था। इसी दौरान निर्माणाधीन स्थल पर बने पानी से भरे गड्ढे में नहाने के दौरान वह डूब गया।
मृतक की मां ने पुलिस पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि उनका बेटा शराब नहीं पीता था और उसके शरीर पर कई चोटों के निशान मिले हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि हर्षित के साथ मारपीट कर उसे गड्ढे में धक्का दिया गया, जिससे उसकी मौत हुई।
वहीं पुलिस उपायुक्त साद मियां खान के मुताबिक, चारों दोस्तों ने साथ बैठकर शराब पी थी। नशे की हालत में हर्षित गड्ढे में नहाने गया और डूब गया। उसे बचाने के लिए उसके दोस्त भी कूदे, लेकिन वे भी डूबने लगे, जिन्हें आसपास के लोगों ने बाहर निकाला।
घटना की सूचना मिलते ही राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF), फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद हर्षित को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस का कहना है कि गड्ढे के चारों ओर बैरिकेडिंग की गई थी, हालांकि एक हिस्सा खुला हुआ था, जिससे वह अंदर पहुंचा।
अधिकारियों के अनुसार, शव का पोस्टमार्टम तीन डॉक्टरों के पैनल से कराया गया है और रिपोर्ट शाम तक आने की संभावना है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है, जबकि परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं।
