After Chhindwara Accident, Minister Visits Hospital Late Night, Reviews Relief Efforts
छिंदवाड़ा: नागपुर-छिंदवाड़ा नेशनल हाईवे पर उमरानाला-सिमरिया के पास हुए भीषण सड़क हादसे के बाद प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। छिंदवाड़ा के प्रभारी मंत्री राकेश सिंह देर रात जबलपुर से छिंदवाड़ा पहुंचे और करीब 1:30 बजे जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल-चाल जाना।
मंत्री ने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों व अधिकारियों के साथ बैठक कर घायलों के बेहतर उपचार के निर्देश दिए। उन्होंने पूरे घटनाक्रम की जानकारी लेकर व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया।
उन्होंने हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि उमरानाला के पास हुई इस घटना में कई लोगों की जान जाना बेहद पीड़ादायक है और इस कठिन समय में उनकी संवेदनाएं शोकाकुल परिवारों के साथ हैं।
मुख्यमंत्री द्वारा मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये और घायलों को एक-एक लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की गई है। साथ ही राज्य सरकार द्वारा घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था की जा रही है।
मंत्री राकेश सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर उन्होंने अपने सभी कार्यक्रम स्थगित कर दिए और तुरंत छिंदवाड़ा पहुंचे। जबलपुर से डॉक्टरों की विशेष टीम भी भेजी गई है, जबकि गंभीर घायलों को आवश्यकता अनुसार नागपुर रेफर किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस दुखद समय में सरकार और प्रशासन पूरी तरह प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
