Aakhri Sawal Box Office Day 2: Sanjay Dutt’s Film Fails to Cross ₹2 Crore in Two Days, Struggles at Box Office
संजय दत्त और नमाशी चक्रवर्ती स्टारर फिल्म ‘आखिरी सवाल’ बॉक्स ऑफिस पर दर्शकों को प्रभावित करने में पूरी तरह नाकाम साबित हो रही है। फिल्म को रिलीज हुए दो दिन हो चुके हैं, लेकिन इसकी कमाई उम्मीदों से काफी कम रही है। बड़े स्टारकास्ट और चर्चित विषय के बावजूद फिल्म थिएटरों में दर्शकों को खींचने में सफल नहीं हो पाई।
फिल्म को पहले 8 मई को रिलीज किया जाना था, लेकिन सेंसर सर्टिफिकेट में देरी के चलते इसकी रिलीज एक हफ्ते आगे बढ़ा दी गई थी। हालांकि रिलीज के बाद भी फिल्म का प्रदर्शन बेहद कमजोर रहा।
दो दिनों में सिर्फ इतनी कमाई
फिल्म ने पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर करीब 40 लाख रुपये की ओपनिंग ली थी। वहीं दूसरे दिन शनिवार को थोड़ी बढ़त देखने को मिली और फिल्म ने लगभग 75 लाख रुपये का कारोबार किया। सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक फिल्म ने दो दिनों में कुल 1.15 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया है।
ओवरसीज में भी नहीं चला जादू
भारत ही नहीं, विदेशों में भी फिल्म का प्रदर्शन बेहद कमजोर रहा है। रिपोर्ट्स के अनुसार ‘आखिरी सवाल’ ने ओवरसीज मार्केट में दो दिनों में करीब 15 लाख रुपये ग्रॉस कमाए हैं। वहीं फिल्म की कुल वर्ल्डवाइड ग्रॉस कमाई लगभग 1.53 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
30 करोड़ के बजट पर भारी संकट
बताया जा रहा है कि फिल्म का बजट करीब 30 करोड़ रुपये है। ऐसे में शुरुआती कमाई को देखते हुए फिल्म के लिए अपना बजट निकालना भी मुश्किल नजर आ रहा है। सोशल मीडिया पर कई लोग इसे पहले ही बॉक्स ऑफिस डिजास्टर बताने लगे हैं।
फिल्म में कई बड़े कलाकार
‘आखिरी सवाल’ का निर्देशन अभिजीत मोहन वारंग ने किया है। फिल्म में संजय दत्त और नमाशी चक्रवर्ती के अलावा अमित साध, समीरा रेड्डी, त्रिधा चौधरी और नीतू चंद्रा जैसे कलाकार भी नजर आए हैं।
फिल्म को निखिल नंदा और संजय दत्त ने मिलकर प्रोड्यूस किया है। इसे निखिल नंदा मोशन पिक्चर्स और नीम ट्री एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनाया गया है, जबकि पीवीआर आईनॉक्स ने फिल्म को डिस्ट्रिब्यूट किया है।
