मुंबई। मार्वल स्टूडियोज और सोनी पिक्चर्स की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार शुरुआत करते हुए नया इतिहास रच दिया है। फिल्म ने रिलीज के पहले ही दिन ₹72.44 करोड़ का ग्रॉस और ₹60.60 करोड़ का नेट कलेक्शन दर्ज किया। इसके साथ ही यह भारत में पहले दिन सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हॉलीवुड फिल्मों में शीर्ष स्थान पर पहुंच गई है।
बॉक्स ऑफिस ट्रैकर Sacnilk के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म ने पहले दिन देशभर में 17,250 शोज के जरिए शानदार प्रदर्शन किया। रिलीज से पहले फिल्म की एडवांस बुकिंग भी रिकॉर्ड स्तर पर रही और पहले दिन के लिए करीब ₹45 करोड़ की टिकटें पहले ही बिक चुकी थीं।
इस शानदार प्रदर्शन के साथ ‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ ने ‘एवेंजर्स: एंडगेम’ का रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिया। साल 2019 में रिलीज हुई ‘एवेंजर्स: एंडगेम’ ने भारत में पहले दिन लगभग ₹65 करोड़ ग्रॉस और करीब ₹54 करोड़ नेट की कमाई की थी।
फिल्म को हिंदी समेत कई भारतीय भाषाओं में रिलीज किया गया। सबसे अधिक कमाई अंग्रेजी संस्करण से हुई, जिसने ₹32.25 करोड़ का कारोबार किया। वहीं हिंदी संस्करण ने ₹22 करोड़, तेलुगु ने ₹3.25 करोड़, तमिल ने ₹3 करोड़, मलयालम ने ₹7 लाख और कन्नड़ संस्करण ने ₹3 लाख की कमाई की।
दिलचस्प बात यह रही कि हिंदी संस्करण के कई शो पूरी तरह हाउसफुल रहे। पहले दिन हिंदी शोज में औसतन 95 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई, जबकि सुबह और शाम के कई शो में सीटें पूरी तरह भर गईं। अंग्रेजी संस्करण में औसतन 55 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी रही।
फिल्म ने एडवांस बुकिंग के मामले में भी नया रिकॉर्ड बनाया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, पहले वीकेंड के लिए भारत में ₹100 करोड़ से अधिक की एडवांस बुकिंग दर्ज की गई, जिससे यह उपलब्धि हासिल करने वाली पहली हॉलीवुड फिल्म बन गई। टिकट बुकिंग प्लेटफॉर्म BookMyShow पर भी फिल्म ने क्रिस्टोफर नोलन की ‘द ओडिसी’ को पीछे छोड़ते हुए पहले दिन सबसे ज्यादा टिकट बिक्री का रिकॉर्ड बनाया।
‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ की कहानी ‘डॉक्टर स्ट्रेंज’ की घटनाओं के चार साल बाद से शुरू होती है। फिल्म में पीटर पार्कर की पहचान दुनिया की यादों से मिट चुकी है और वह एक साधारण युवक के रूप में जीवन जीते हुए गुप्त रूप से स्पाइडर-मैन बनकर न्यूयॉर्क की रक्षा करता है। इसी दौरान उसकी शक्तियों में एक रहस्यमयी बदलाव आता है, जो उसके सुपरहीरो सफर को नए मोड़ पर ले जाता है।
निर्देशक डेस्टिन डैनियल क्रेटन के निर्देशन में बनी इस फिल्म में टॉम हॉलैंड, जेंडया, सैडी सिंक, जॉन बर्नथल और मार्क रफालो प्रमुख भूमिकाओं में नजर आए हैं। शुरुआती बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन को देखते हुए ट्रेड विशेषज्ञों का मानना है कि फिल्म आने वाले दिनों में भी शानदार कमाई का सिलसिला जारी रख सकती है।
