A twelve-antlered deer wandered out of the forest and reached Marwa village
जांजगीर-चांपा। जिले के लछनपुर क्षेत्र से आज सुबह एक बड़ी खबर सामने आई, जहां जंगल से भटककर एक हिरण गांव में पहुंच गया। हिरण दिखाई देने की खबर फैलते ही ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद हिरण का सफल रेस्क्यू किया गया।
बताया जा रहा है कि सुबह करीब 10 बजे मड़वा प्लांट से लगे ग्राम लछनपुर के दंतेश्वरी मंदिर के पास हिरण दिखाई दिया। गांव में खबर तेजी से फैलने के बाद लोग बड़ी संख्या में उसे देखने पहुंच गए, जिससे हिरण घबराकर इधर-उधर भागने लगा और भटकते हुए मड़वा प्लांट की ओर चला गया।

वन विभाग को सूचना मिलने के बाद टीम तत्काल मौके पर पहुंची और प्लांट कॉलोनी से कुछ दूरी पर बने भूनंदी नाला के पास हिरण को सुरक्षित पकड़ लिया गया। वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार पकड़ा गया हिरण 12 सिंगा (बारहसिंगा) प्रजाति का बताया जा रहा है।
रेस्क्यू के बाद हिरण को इलाज के लिए बलौदा स्थित वन नर्सरी ले जाया गया है। डॉक्टरों द्वारा जांच के बाद उसे सुरक्षित स्थान पर छोड़ा जाएगा। बताया जा रहा है कि इलाज के बाद हिरण को कानन पेंडारी या जंगल क्षेत्र में छोड़ा जा सकता है।
ग्राम लछनपुर के सरपंच गेंदराम कुर्रे और पंच शुभम राजपूत ने बताया कि हिरण दिखाई देने की सूचना मिलते ही वन विभाग को खबर दी गई, जिसके बाद टीम ने ग्रामीणों की मदद से सफल रेस्क्यू किया।वन विभाग ने इस रेस्क्यू में स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग की सराहना की है।
