बहराइच: उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में पिछले 48 घंटों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश जनजीवन पर भारी पड़ रही है। तेज हवाओं और लगातार बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसे में दीवार गिरने से 44 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, नानपारा तहसील के भाटेहटा गांव निवासी मिश्रीलाल (44) की दीवार गिरने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
हादसे की सूचना मिलते ही नानपारा एसडीएम प्रकाश सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की और शासन की ओर से हरसंभव सहायता दिलाने का भरोसा दिया।
लगातार हो रही बारिश के कारण जिले के कई इलाकों में कच्चे मकानों और छप्परों को नुकसान पहुंचा है। कई स्थानों पर पेड़ गिरने की भी खबरें हैं। शहरों, मोहल्लों, गांवों और प्रमुख सड़कों पर जलभराव की स्थिति बनी हुई है, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बारिश के चलते जर्जर मकानों में रह रहे लोगों की चिंता भी बढ़ गई है। ऐसे मकानों के गिरने का खतरा लगातार बना हुआ है।
मौसम विभाग ने बहराइच जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। प्रशासन ने भी नागरिकों से अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने और जर्जर भवनों से दूर रहने की सलाह दी है।
रिपोर्ट: अनुज जायसवाल
स्थान: बहराइच
