फतेहपुर: फतेहपुर कचहरी परिसर में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अधिवक्ता नरेंद्र सिंह उर्फ चुन्ना सिंह के चेंबर में अचानक भीषण आग लग गई। घटना के बाद आसपास मौजूद अधिवक्ताओं और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। चेंबर से धुआं उठता देख आसपास के लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू कर दिया। आग से चेंबर में रखे महत्वपूर्ण दस्तावेज, फर्नीचर और अन्य सामान के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
फिलहाल इस घटना में किसी के घायल होने या हताहत होने की सूचना नहीं है। दमकल कर्मी आग पर पूरी तरह काबू पाने में जुटे हैं।
आग लगने के वास्तविक कारणों और नुकसान का आकलन आग बुझने के बाद किया जाएगा। पुलिस और संबंधित विभाग भी पूरे मामले की जांच कर रहे हैं।
रिपोर्ट: रिजवान उददीन
स्थान: फतेहपुर
