उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में किसानों के लिए मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर गांधी भवन टाउन हॉल में आयोजित कार्यक्रम में लखनऊ से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी किया गया। योजना के तहत पात्र किसानों को ₹6 लाख तक का बिना कोलेटरल ऋण उपलब्ध कराया जाएगा।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, सहकारिता विभाग, बैंक अधिकारियों और बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया। योजना का उद्देश्य लघु एवं सीमांत किसानों को कृषि और कृषि आधारित गतिविधियों के लिए आसान शर्तों पर वित्तीय सहायता उपलब्ध कराना है।
योजना के तहत किसानों को पांच वर्ष या उससे अधिक अवधि के लिए 6 प्रतिशत की प्रभावी वार्षिक ब्याज दर पर ₹6 लाख तक का ऋण मिलेगा। समय पर किस्तों का भुगतान करने वाले किसानों को राज्य सरकार की ओर से ब्याज अनुदान का लाभ भी दिया जाएगा। ऋण की अदायगी आसान ईएमआई के माध्यम से होगी और पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन पोर्टल के जरिए पारदर्शी तरीके से संचालित की जाएगी।
यह योजना केवल खेती तक सीमित नहीं है। इसके अंतर्गत कृषि यंत्रीकरण, मचान विधि से सब्जी उत्पादन, दुग्ध प्रसंस्करण, भूमि सुधार, पशुपालन, मत्स्य पालन जैसी गतिविधियों के साथ-साथ ई-रिक्शा और फुटवियर जैसी निर्धारित गैर-कृषि गतिविधियों के लिए भी ऋण की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान पात्र किसानों को ऋण स्वीकृति पत्र भी वितरित किए गए। अधिकारियों ने किसानों को योजना की पात्रता और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी। जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने संबंधित विभागों को गांव-गांव जागरूकता अभियान चलाकर अधिक से अधिक किसानों तक योजना का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर भारत टैक्सी सेवा का भी शुभारंभ किया गया। अधिकारियों ने पात्र किसानों से योजना का लाभ लेने के लिए अपनी निकटतम बैंक शाखा या संबंधित विभाग से संपर्क करने की अपील की।
रिपोर्ट: महेन्द्र चावला
स्थान: शाहजहांपुर
