उत्तर प्रदेश के फतेहपुर पुलिस ने अंतरजनपदीय चोरी करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। कोतवाली थाना पुलिस, सर्विलांस टीम और क्राइम ब्रांच की संयुक्त कार्रवाई में चोरी की दो बड़ी वारदातों का खुलासा किया गया।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार सभी आरोपी कानपुर और फतेहपुर के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, 34,400 रुपये नकद, आठ मोबाइल फोन तथा वारदात में इस्तेमाल की गई किआ कैरेंस (KIA Carens) कार बरामद की गई है।
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर मामले में आगे की जांच की जा रही है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।
फतेहपुर के पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने इस सफल कार्रवाई के लिए संयुक्त पुलिस टीम को 25 हजार रुपये के पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है।
