कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर नगर में स्वरूपनगर थाना क्षेत्र स्थित BOHO रेस्टोरेंट में कथित रूप से हुक्का बार संचालित किए जाने की सूचना पर पुलिस ने देर रात छापेमारी की। संयुक्त कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से कुछ सामान बरामद किया और तीन युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।
जानकारी के अनुसार, एडीसीपी सेंट्रल अर्चना सिंह और एसीपी स्वरूपनगर ज्योति के नेतृत्व में स्वरूपनगर एवं फजलगंज थाना पुलिस ने रेस्टोरेंट में जांच की। कार्रवाई के दौरान पुलिस को कथित रूप से शराब की बोतलें, हुक्का पाइप, नोजल और फ्लेवर बरामद हुए हैं।
पुलिस ने मौके से तीन युवकों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ शुरू कर दी है। बरामद सामान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
स्थानीय स्तर पर प्रतिष्ठान के संचालन और उससे जुड़ी गतिविधियों को लेकर विभिन्न दावे किए जा रहे हैं। हालांकि, इन दावों की अभी तक पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
यह भी चर्चा है कि कथित रूप से हुक्का से संबंधित कोटेशन व्हाट्सएप के माध्यम से ग्राहकों तक पहुंचाए जाते थे। वहीं, कोतवाली थाना क्षेत्र के एक अन्य रेस्टोरेंट को लेकर भी इसी तरह की चर्चाएं सामने आई हैं। इन सभी बिंदुओं की सत्यता पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। जांच पूरी होने और आधिकारिक पुष्टि के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट: चंदन सिंह
स्थान: कानपुर नगर, उत्तर प्रदेश
