कुशीनगर। उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में खड्डा-पडरौना मार्ग पर हुए सड़क हादसे में एक निजी बस चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। भुजौली बाजार के पास उसकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार, घायल की पहचान श्रवण (38 वर्ष) पुत्र रामकिशन, निवासी सरवन, नौरंगिया के रूप में हुई है। श्रवण निजी बस चालक है और खड्डा से पडरौना के बीच बस चलाता है।
बताया जा रहा है कि श्रवण शनिवार को अपने घर से बाइक से खड्डा बस स्टैंड जा रहा था। इसी दौरान भुजौली बाजार के जमुनिया टोला के पास उसकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और वह सड़क पर गिर पड़ा। हादसे में उसके सिर में गंभीर चोट लगी और काफी रक्तस्राव हुआ।
घटना के बाद वह कुछ समय तक सड़क पर घायल अवस्था में पड़ा रहा। स्थानीय लोगों ने उसे देखा और तत्काल डायल-112 पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की सहायता से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तुर्कहा पहुंचाया।
सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार, श्रवण के सिर में गंभीर चोट आई है और सिर की हड्डी का एक हिस्सा अंदर की ओर धंस गया है। फिलहाल जिला अस्पताल में उसका इलाज जारी है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में बाइक के अनियंत्रित होने को हादसे का कारण माना जा रहा है।
रिपोर्ट: अहमद हुसैन
स्थान: कुशीनगर, उत्तर प्रदेश
