हापुड़। जनपद की तीनों तहसीलों में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान आम लोगों ने अपनी विभिन्न समस्याओं से संबंधित कुल 121 शिकायतें दर्ज कराईं, जिनमें से 21 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
हापुड़ तहसील में आयोजित समाधान दिवस में जिलाधिकारी कविता मीना और पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। यहां कुल 55 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 8 शिकायतों का तत्काल निस्तारण कराया गया।
अधिकारियों ने संबंधित विभागों को शेष मामलों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
समाधान दिवस से पहले जिलाधिकारी ने तहसील परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पांच गर्भवती महिलाओं की गोद भराई कराई।
इस अवसर पर उन्हें फल, सूखे मेवे, हरी सब्जियां और पोषण किट वितरित की गईं। जिलाधिकारी ने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय पर पहुंचना चाहिए।
वहीं, धौलाना तहसील में प्राप्त 31 शिकायतों में से 3, जबकि गढ़मुक्तेश्वर तहसील में प्राप्त 35 शिकायतों में से 10 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया।
प्रशासन ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन शिकायतों का तत्काल समाधान नहीं हो सका है, उनका निर्धारित समय सीमा के भीतर निष्पक्ष और प्रभावी ढंग से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
रिपोर्ट: मोनिश खान
स्थान: हापुड़, उत्तर प्रदेश
