जौनपुर। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में टाइल्स की दुकान पर काम करने के दौरान करंट लगने से एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने मौत को संदिग्ध बताते हुए शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। सूचना पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और काफी समझाने-बुझाने के बाद स्थिति सामान्य कराई।
यह घटना लाइनबाजार थाना क्षेत्र के चौकिया धाम इलाके की है। जानकारी के अनुसार, परमानतपुर निवासी गौरीशंकर एक टाइल्स की दुकान पर काम कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें करंट लग गया, जिससे उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। मृतक के हाथ पर जलने के निशान देखकर उन्होंने मौत पर संदेह जताया और निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए सड़क पर शव रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा।
सूचना मिलने पर सहायक पुलिस अधीक्षक गोल्डी गुप्ता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों से बातचीत की। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। अधिकारियों के आश्वासन के बाद परिजन शांत हुए।
घटना की जानकारी मिलते ही मछलीशहर की विधायक रागिनी सोनकर भी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिया और अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच करने को कहा।
सहायक पुलिस अधीक्षक गोल्डी गुप्ता ने बताया कि करंट लगने से युवक की मौत की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट: अखिलेश श्रीवास्तव
स्थान: जौनपुर, उत्तर प्रदेश
