औरैया। उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार डंपर एक्सप्रेसवे किनारे खड़े दूसरे डंपर से पीछे से जा टकराया। हादसा इतना जबरदस्त था कि डंपर के केबिन के परखच्चे उड़ गए और चालक तथा कंडक्टर उसमें फंस गए।
यह हादसा अछल्दा थाना क्षेत्र के नगला धुंधे गांव के पास किमी 277.1 पर हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस और यूपीडा (UPEDA) की टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी की मदद से केबिन में फंसे चालक और कंडक्टर को बाहर निकाला।
हादसे में कंडक्टर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
रिपोर्ट: आशुतोष अवस्थी
स्थान: औरैया, उत्तर प्रदेश
