जौनपुर। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय मंगलवार को जौनपुर जिले के लाइन बाजार थाना क्षेत्र के तिवारीपुर गांव पहुंचे, जहां उन्होंने हाल ही में हुई विशाल यादव की हत्या के बाद पीड़ित परिवार से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
अजय राय ने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और आरोपियों को सजा दिलाने के लिए न्याय की लड़ाई में पूरा सहयोग करेगी।
इस दौरान उन्होंने प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लगातार हो रही हत्या और महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध लोगों में असुरक्षा की भावना पैदा कर रहे हैं। उनका आरोप था कि अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई करने में सरकार विफल रही है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने सरकार से मांग की कि मृतक विशाल यादव के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए, पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाए तथा हत्या के आरोपियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि दोष सिद्ध होने पर आरोपियों को सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए।
एक प्रश्न के उत्तर में अजय राय ने भारतीय जनता पार्टी पर भी राजनीतिक टिप्पणी करते हुए आरोप लगाया कि भाजपा में शामिल होने के बाद अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई का रवैया बदल जाता है। उन्होंने हाल के कुछ कथित घोटालों और पुराने मामलों का भी उल्लेख करते हुए सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए।
रिपोर्टर: अखिलेश श्रीवास्तव
स्थान: जौनपुर
4TV न्यूज़
