एटा। उत्तर प्रदेश सरकार के प्रभारी मंत्री कैलाश सिंह राजपूत ने एटा दौरे के दौरान आगामी ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान अधिकारियों के साथ बैठक कर अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने और अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर चर्चा की गई।
बैठक में बताया गया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले इस अभियान के माध्यम से सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी आम जनता तक पहुंचाई जाएगी। अभियान के तहत जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों में विभिन्न जनसहभागिता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं, 17 अक्टूबर को ‘जनसेवा महाकुंभ’ का आयोजन भी प्रस्तावित है।
दौरे के दौरान प्रभारी मंत्री ने मलावन स्थित जवाहरपुर तापीय परियोजना का भी निरीक्षण किया। उन्होंने परियोजना में उपलब्ध कोयला स्टॉक, बिजली उत्पादन और संचालन व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को परियोजना का संचालन निर्बाध बनाए रखने, बिजली उत्पादन में गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा सभी कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता को निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
रिपोर्टर: कुनाल सिंह सोलंकी
स्थान: एटा
4TV न्यूज़
