सीतापुर। उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के महमूदाबाद कोतवाली क्षेत्र के भरथर चौराहे पर टूटी हुई एलटी (लो टेंशन) बिजली लाइन को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों और राहगीरों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया, जिससे करीब दो घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा।
सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। भीषण गर्मी के बीच जाम में फंसे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं, एक स्कूली बस भी जाम में फंस गई, जिससे बस में सवार बच्चों को भी काफी दिक्कतें उठानी पड़ीं।
घटना की सूचना मिलते ही ऊंचागांव चौकी के हेड कांस्टेबल राम स्वरूप यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया और विद्युत विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर समस्या का तत्काल समाधान कराने का प्रयास किया।
इसके बाद विद्युत विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर टूटी हुई एलटी लाइन की मरम्मत की और बिजली आपूर्ति बहाल कर दी। बिजली व्यवस्था सामान्य होने के बाद ग्रामीणों ने अपना विरोध समाप्त करते हुए सड़क जाम खोल दिया, जिससे यातायात फिर से सुचारु हो सका।
ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से मांग की है कि भविष्य में बिजली लाइन टूटने जैसी घटनाओं पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सड़क पर उतरने और जाम लगाने जैसी स्थिति का सामना न करना पड़े।
रिपोर्टर: नन्द किशोर नाग
स्थान: सीतापुर
