बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में आम के एक बाग में पेड़ से युवक का शव लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान ग्राम ग्यासपुर निवासी 25 वर्षीय पिंटू के रूप में हुई है। मंगलवार सुबह सैर पर निकले राहगीरों ने आम के बाग में पेड़ से शव लटका देखा, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। बाद में परिजन भी मौके पर पहुंचे और शव की पहचान की। फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।
परिजनों ने बताया कि पिंटू करीब एक सप्ताह पहले नोएडा की एक फैक्ट्री में काम करने के लिए गया था। उसके बाद यह घटना सामने आने से परिवार सदमे में है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच जारी है।
यह घटना कोतवाली देहात क्षेत्र के ग्राम छज्जूगढ़ी स्थित आम के बाग की बताई जा रही है।
