सीतापुर। उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में घघरिया नदी में एक युवती के डूबने की घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। युवती का मंगलवार तक कोई पता नहीं चलने पर नाराज ग्रामीणों ने लहरपुर-तंबौर मार्ग पर जाम लगाकर प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया और एनडीआरएफ की टीम से प्रभावी तलाश अभियान चलाने की मांग की।
जानकारी के अनुसार, लहरपुर कोतवाली क्षेत्र के लालपुर बाजार के पास स्थित घघरिया नदी में सोमवार देर शाम सलारपुर निवासी 20 वर्षीय रागिनी ने कथित तौर पर नदी में छलांग लगा दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवती की तलाश शुरू कराई।
मंगलवार तक युवती का कोई सुराग नहीं मिलने पर ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ गया। उनका आरोप था कि तलाश अभियान पर्याप्त गति से नहीं चल रहा है। इसी के विरोध में ग्रामीणों ने लहरपुर-तंबौर मार्ग को जाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
सड़क जाम की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें समझाया और प्रभावी कार्रवाई का भरोसा दिलाया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त कर दिया, जिसके बाद मार्ग पर यातायात सामान्य हो सका।
कोतवाली प्रभारी अरविंद सिंह ने बताया कि पुलिस स्थानीय गोताखोरों के साथ-साथ एनडीआरएफ टीम की मदद से भी युवती की तलाश में जुटी हुई है। उन्होंने कहा कि युवती की तलाश के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं और अभियान लगातार जारी है।
