नोएडा। नोएडा के सेक्टर-155 में हुए हिट एंड रन मामले में नया मोड़ सामने आया है। बागपत जिले के खेकड़ा निवासी पंकज कुमार की मौत के चार दिन बाद भी आरोपी वाहन और चालक का पता नहीं चलने से परिजनों ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। परिवार ने इस घटना को महज सड़क हादसा मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है।
जानकारी के अनुसार, 11 सितंबर को सेक्टर-155 में एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने पंकज कुमार की स्कूटी को पीछे से टक्कर मार दी थी। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल पंकज को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक की बेटी तन्नू का आरोप है कि सामने आए सीसीटीवी फुटेज को देखने के बाद उन्हें संदेह है कि उनके पिता को जानबूझकर निशाना बनाकर टक्कर मारी गई। उनका कहना है कि मामले की गहराई से जांच की जानी चाहिए।
वहीं मृतक के भाई बंटी कुमार ने बताया कि पंकज सड़क किनारे अपनी स्कूटी रोककर हेलमेट पहन रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार वाहन आया और उन्हें टक्कर मारकर फरार हो गया। उनका कहना है कि यह घटना कई सवाल खड़े करती है।
परिजनों ने यह भी सवाल उठाया है कि नोएडा जैसे शहर में जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगे होने के बावजूद पुलिस चार दिन बाद भी आरोपी वाहन और उसके चालक की पहचान क्यों नहीं कर सकी।
परिवार ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि सीसीटीवी फुटेज की विस्तृत जांच कर आरोपी वाहन और चालक की जल्द पहचान की जाए। साथ ही यदि जांच में किसी साजिश या हत्या की पुष्टि होती है तो संबंधित आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। अभी तक अधिकारियों की ओर से हत्या की आशंका की पुष्टि नहीं की गई है और जांच जारी है।
