सीतापुर, उत्तर प्रदेश। सीतापुर में उस समय कलेक्ट्रेट परिसर में हलचल मच गई, जब एक फरियादी अपनी मां के साथ भैंस लेकर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंच गया। मां-बेटे का कहना था कि पुलिस से शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई, इसलिए न्याय की उम्मीद में वे कलेक्ट्रेट पहुंचे हैं।
यह मामला पिसावां थाना क्षेत्र के कोटरा देवकली गांव का है। फरियादी ने आरोप लगाया कि गांव के चार लोगों ने उसकी जमीन पर अवैध कब्जा कर लिया है। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई, लेकिन स्थानीय थाने में शिकायत के बावजूद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
फरियादी का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच जमीन को लेकर कई वर्षों से विवाद चला आ रहा है। इसी मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर वह अपनी मां और भैंस के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचा, जिससे वहां मौजूद लोगों में कौतूहल का माहौल बन गया।
मामले की जानकारी मिलने पर मौजूद मजिस्ट्रेट ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम महोली को पूरे प्रकरण की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
हालांकि, दूसरे पक्ष का बयान अभी सामने नहीं आया है। प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट: नन्द किशोर नाग
स्थान: सीतापुर, उत्तर प्रदेश (4TV News)
