हरदोई, उत्तर प्रदेश। हरदोई जिले के हरपालपुर थाना क्षेत्र के बेहटा रमपुरा गांव में नाली के पानी की निकासी और सफाई को लेकर हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। मारपीट में गंभीर रूप से घायल 18 वर्षीय बीएससी द्वितीय वर्ष के छात्र की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि उसकी मां भी गंभीर रूप से घायल हो गईं।
पुलिस के अनुसार, नाली के पानी की निकासी को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से हमला हुआ।
इस घटना में धीरेन्द्र (18 वर्ष), जो बीएससी द्वितीय वर्ष का छात्र था, गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पहले हरदोई मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर लखनऊ रेफर किया गया। लखनऊ ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई।
झगड़े के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचीं छात्र की मां प्रेमादेवी, जो बीडीसी सदस्य भी हैं, गंभीर रूप से घायल हो गईं। उनका उपचार जारी है।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। स्थिति को देखते हुए चार थानों की पुलिस मौके पर तैनात की गई है ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।
पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
क्षेत्राधिकारी प्रवीण कुमार यादव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और सभी नामजद आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट: दिनेश राजपूत
स्थान: हरदोई, उत्तर प्रदेश (4TV News)
