बुलंदशहर, उत्तर प्रदेश। बुलंदशहर जिले के गुलावठी स्थित डीएन इंटर कॉलेज मैदान में 8 से 11 सितंबर तक भव्य श्री राधा अष्टमी महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। ‘श्री लाडली जू कृपा मंडल’ के तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस चार दिवसीय धार्मिक महोत्सव में देश के कई प्रसिद्ध कथा वाचक श्रद्धालुओं को कथा और प्रवचन का रसपान कराएंगे। साथ ही प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
महोत्सव की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए क्षेत्राधिकारी (सीओ) दीपक कुमार और थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार शर्मा पुलिस बल के साथ कार्यक्रम स्थल पहुंचे। अधिकारियों ने आयोजन स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का अवलोकन किया और आयोजकों से कार्यक्रम की रूपरेखा एवं भीड़ प्रबंधन को लेकर विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों ने आयोजन समिति को सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
महोत्सव को लेकर क्षेत्र के श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। आयोजकों का कहना है कि बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है, जिसके मद्देनज़र सभी व्यवस्थाएं अंतिम चरण में हैं।
रिपोर्ट: 4TV News
स्थान: गुलावठी, बुलंदशहर, उत्तर प्रदेश
