बरेली: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के फतेहगंज पश्चिमी कस्बे में बुधवार को एक हार्डवेयर एवं परचूनी की दुकान में भीषण आग लगने से लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, भिटौरा पुलिया के पास स्थित डिंपल गुप्ता और आकाश गुप्ता की हार्डवेयर एवं परचूनी की दुकान में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दुकान में रखा अधिकांश सामान उसकी चपेट में आ गया।
आग की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर पहुंचे सभासद महेंद्र पाल शर्मा, भाजपा नेता एवं व्यापारी सचिन चौहान तथा मेला अध्यक्ष ओमेंद्र सिंह चौहान ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया।
सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया और आसपास की दुकानों तक आग फैलने से रोक लिया।
घटना की सूचना पर थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित किया, सड़क पर लगे जाम को हटाया और यातायात को सामान्य कराया।
फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि, आग लगने के सटीक कारणों की जांच की जा रही है। इस हादसे में दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया है।
