गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के लोनी स्थित ट्रॉनिका सिटी थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक प्रॉपर्टी डीलर के कार्यालय पर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग से इलाके में दहशत फैल गई। घटना में एक युवक गोली लगने से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, सिद्ध बाबा मंदिर के पीछे इलाइचीपुर रोड पर स्थित कौशिक हार्डवेयर बिल्डिंग मटेरियल के सामने बने प्रॉपर्टी डीलर के कार्यालय में किसी विवाद के दौरान कई राउंड फायरिंग हुई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मामला पैसों के लेन-देन से जुड़ा बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि विवाद में शामिल दोनों पक्ष आपस में रिश्तेदार हैं और उनका रिश्ता जीजा-साले का है। हालांकि, पुलिस ने अभी इस कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
फायरिंग में 26 वर्षीय तरुण, निवासी भजनपुरा, गोली लगने से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
घटनास्थल पर कार्यालय के शटर में गोलियों के कई निशान मिले हैं, जबकि सड़क पर खून के धब्बे भी दिखाई दिए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के दौरान करीब तीन राउंड फायरिंग हुई।
सूचना मिलते ही ट्रॉनिका सिटी थाना पुलिस और एसीपी अमरदीप मौर्य मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और अन्य साक्ष्य जुटाकर आरोपियों की पहचान करने में लगी है।
पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। फायरिंग के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा हो सकेगा और आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
