सीतापुर: उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के तंबौर कस्बे में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब आयकर (Income Tax) विभाग की टीम ने लकड़ी कारोबारी इसराइल अंसारी की हिंदुस्तान प्लाईवुड फैक्ट्री और उनके दो आवासों पर एक साथ छापेमारी की।
जानकारी के अनुसार, आयकर विभाग की टीम कई अधिकारियों के साथ सुबह से ही कार्रवाई में जुटी हुई है। टीम फैक्ट्री और आवासों के अंदर दस्तावेजों तथा अन्य रिकॉर्ड की गहन जांच कर रही है। कार्रवाई के दौरान सभी मुख्य गेट बंद कर दिए गए हैं और किसी भी बाहरी व्यक्ति को परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जा रही है।
छापेमारी के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए फैक्ट्री और संबंधित आवासों के बाहर पुलिस बल भी तैनात किया गया है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, मौके पर फोटो और वीडियो बनाने पर भी रोक लगाई गई है।
आयकर विभाग की इस कार्रवाई के बाद पूरे तंबौर कस्बे में चर्चा का माहौल है। हालांकि, विभाग की ओर से अभी तक छापेमारी के कारणों या कार्रवाई के दौरान क्या बरामद हुआ है, इसे लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
फिलहाल आयकर विभाग की कार्रवाई जारी है। अधिकारियों की आधिकारिक जानकारी और जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि छापेमारी किस मामले में की गई और आगे क्या कार्रवाई होगी।
