यूपी में प्रयागराज-कौशांबी बॉर्डर की जिस अवैध पटाखा फैक्ट्री में सोमवार को विस्फोट हुआ था, उसके मालिक नौशाद को पुलिस ने एनकाउंटर के बाद अरेस्ट कर लिया। उसे पैर में गोली लगी है। वह शहर छोड़कर भागने की फिराक में था। मंगलवार तड़के 4 बजे सैयद सरावां इलाके में मुठभेड़ हुई।
वहीं, हादसे में जान गंवाने वाले 8 बच्चों समेत 11 लोगों का आज पोस्टमॉर्टम होगा। परिजन पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंच गए हैं। पुलिस ने फैक्ट्री मालिक नौशाद, उसकी पत्नी, बेटे समेत परिवार के 6 लोगों पर केस दर्ज किया है। पुलिस ने पत्नी शबाना को हिरासत में भी लिया है।
फैक्ट्री से 400 मीटर दूर बनाए गए गोदाम को बुलडोजर से ढहा दिया था। मामले में थाना प्रभारी विकास सिंह समेत 3 पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच और 2 सिपाहियों को सस्पेंड किया है। फैक्ट्री में विस्फोट किस वजह हुआ, यह अभी तक साफ नहीं है। हालांकि, एक महिला ने बताया था- बिजली का खंभा गिरने के बाद फैक्ट्री में रखे बारूद में तेज धमाका हुआ। फैक्ट्री प्रयागराज में मनौरी एयरफोर्स स्टेशन से करीब 2 किलोमीटर दूर चल रही थी।
पटाखा फैक्ट्री विस्फोट के बाद पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन हुआ है। मुख्य आरोपी नौशाद अली की पुलिस और SOG से मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में नौशाद के पैर में गोली लगी है। जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। नौशाद अली, पटाखा फैक्ट्री के आरोपी मोहम्मद आदिल का पिता बताया जा रहा है। पुलिस ने कब्जे से तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट में अब तक 11 लोगों की मौत हो चुकी है। चरवा थाना इलाके में हुई मुठभेड़।
