Idol
बुलंदशहर। बुलंदशहर में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए एसएसपी दिनेश कुमार के नेतृत्व में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन लंगड़ा’ के तहत चोला थाना पुलिस और स्वाट टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद एक बदमाश को गोली लगने से घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया, जबकि कुल पांच आरोपियों को दबोच लिया गया। एक अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस कॉम्बिंग अभियान चला रही है।
पुलिस के अनुसार, सिखेड़ा रोड स्थित पुरानी फैक्ट्री के पास आरोपियों की घेराबंदी की गई। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से .315 बोर का अवैध तमंचा, जिंदा और खोखा कारतूस, 70 किलोग्राम पीतल, एक अपाचे मोटरसाइकिल तथा एक ऑल्टो कार बरामद की गई है।
पुलिस का दावा है कि बरामद पीतल 13 अगस्त को विवकाल कंपनी से चोरी की गई पीतल की मूर्ति को पिघलाकर तैयार किया गया था। आरोपी कथित रूप से चोरी का पीतल बेचने पहुंचे थे, तभी पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी शाहरून के खिलाफ पहले से 10 मुकदमे, आसिफ के खिलाफ 2 मुकदमे, जबकि आमिर, फारुक और दूसरे आसिफ के खिलाफ एक-एक मुकदमा दर्ज है।
फरार आरोपी की तलाश जारी है और पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
