एटा। एटा जिले के जसरथपुर थाना क्षेत्र के नगला उमेद गांव में बुखार के इलाज के दौरान एक 32 वर्षीय युवक की मौत हो जाने से हड़कंप मच गया। परिजनों ने गांव के एक डॉक्टर पर गलत इंजेक्शन लगाने का गंभीर आरोप लगाया है।
मृतक की पहचान रतनेश (32) के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि बुखार के इलाज के लिए गांव के डॉक्टर के पास ले जाने पर इंजेक्शन लगाया गया, जिसके तुरंत बाद रतनेश की तबीयत बिगड़ गई। हालत गंभीर होने पर उसे बचाने का प्रयास किया गया, लेकिन उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही जसरथपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा। यदि जांच में किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
नोट: गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप मृतक के परिजनों द्वारा लगाया गया है। इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।
बाइट: परिजन
रिपोर्ट: कुनाल सिंह सोलंकी, एटा
