औरैया। जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए दो सड़क हादसों ने तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। दिबियापुर के कंचौसी और बिधूना क्षेत्र में हुई इन घटनाओं में संपत्ति को नुकसान पहुंचा, हालांकि दोनों मामलों में बड़ा हादसा टल गया।
दिबियापुर के कंचौसी में मानस इंटर कॉलेज के पास एक अनियंत्रित स्कॉर्पियो सड़क किनारे स्थित दुकान में जा घुसी। हादसे में बिजली का पोल भी गिर गया। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें कथित तौर पर एक नाबालिग स्कॉर्पियो चलाते हुए दिखाई दे रहा है। वाहन में एक अन्य नाबालिग के सवार होने की भी बात सामने आई है। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
वहीं बिधूना के किशोरगंज क्षेत्र में एक तेज रफ्तार कार पहले बिजली के पोल से टकराई और फिर एक मकान के शटर में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बिजली का पोल टेढ़ा हो गया और मकान का शटर क्षतिग्रस्त हो गया। कार के एयरबैग खुल जाने से उसमें सवार दो लोगों की जान बच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद कार सवार दोनों लोग मौके से फरार हो गए। पुलिस दोनों घटनाओं की जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संबंधित लोगों की पहचान और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्ट: आशुतोष अवस्थी
