बुलंदशहर। आगामी त्योहारों को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में जहांगीरपुर थाना क्षेत्र के गांव कलाखुरी स्थित चौधरी डेयरी पर छापेमारी की गई।
कार्रवाई के दौरान खाद्य विभाग की टीम ने कथित रूप से मिलावटी पनीर के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे। विभाग के अनुसार, इससे पहले भी चौधरी डेयरी के नमूने जांच के लिए भेजे जा चुके हैं।
निरीक्षण के दौरान सहायक आयुक्त खाद्य ग्रेड-2 ममता चौधरी ने होदी में जमा गंदे पानी में पनीर रखा देखा, जिस पर उन्होंने डेयरी संचालक को फटकार लगाई और मौके पर ही संबंधित होदी को तुड़वा दिया। इसके अलावा लगभग 200 किलोग्राम पनीर को मौके पर ही नष्ट कराया गया।
कार्रवाई के दौरान मौके पर पहुंचे एक भाजपा नेता और खाद्य सुरक्षा एवं औषधि विभाग की टीम के बीच नोकझोंक भी हुई। आरोप है कि भाजपा नेता ने कार्रवाई रुकवाने के लिए अन्य नेताओं से फोन पर सिफारिश कराई, लेकिन विभाग ने अभियान जारी रखा।
खाद्य विभाग का कहना है कि शासन के निर्देश पर त्योहारी सीजन में मिलावटखोरी के खिलाफ जिलेभर में लगातार छापेमारी की जा रही है, ताकि उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सके।
