झांसी। जिले के मऊरानीपुर थाना क्षेत्र में तीन दिन से लापता 27 वर्षीय कमलेंदु रिछारिया का शव सोमवार को वाजपेई तालाब में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को तालाब से बाहर निकलवाया।
पुलिस ने मृतक की पहचान कमलेंदु रिछारिया पुत्र राकेश रिछारिया, निवासी नीता कॉलोनी के रूप में की। इसके बाद पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
बताया जा रहा है कि कमलेंदु पिछले तीन दिनों से लापता था और परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। शव मिलने की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
