शादी के कुछ ही दिन बाद पत्नी पर नींद की दवा देने का आरोप, प्रेमी के साथ आपत्तिजनक हालत में मिलने का दावा
झांसी के चिरगांव थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले में रहने वाला एक युवक अपने माता-पिता के साथ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा और पत्नी पर गंभीर आरोप लगाते हुए न्याय की गुहार लगाई। पीड़ित पति का आरोप है कि उसकी शादी 24 जून को मध्यप्रदेश के भांडेर निवासी युवती से हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार हुई थी। शादी के करीब दो-तीन सप्ताह बाद से ही पत्नी उसे नींद की दवा देने लगी।
पीड़ित के मुताबिक, पत्नी कभी चाय, कभी दूध तो कभी खाने में कुछ मिलाकर देती थी। इसके बाद उसकी तबीयत खराब रहने लगी तो उसे शक हुआ कि खाने-पीने की चीजों में कुछ मिलाया जा रहा है।
युवक ने आरोप लगाया कि 19 तारीख को मोहल्ले के लोगों ने उसे जानकारी दी कि उसके घर में कोई युवक आया है। उसने पत्नी से पूछताछ की, लेकिन पत्नी ने किसी युवक के घर आने की बात से इनकार कर दिया। इसके बाद 23 तारीख को कथित युवक दोबारा घर आया।
पीड़ित पति का दावा है कि जानकारी मिलने पर जब वह घर पहुंचा और गेट खोला तो पत्नी और कथित प्रेमी को आपत्तिजनक हालत में देखा। आरोप है कि उसे देखते ही युवक ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी, जबकि पत्नी ने उसका हाथ पकड़ लिया। इसके बाद कथित प्रेमी ने उसका गला पकड़ लिया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर उसे बचाया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
पीड़ित पति ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर अपनी और अपने माता-पिता की सुरक्षा की गुहार लगाई। उसका कहना है कि उसे जान का खतरा है और मामले में निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
नोट: यह आरोप शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए हैं। पुलिस की जांच के बाद ही मामले के तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी।
रिपोर्ट शाहिद खान झांसी
