सीतापुर। जिले के पहला विकासखंड की ग्राम पंचायत दरियापुर के नेकनामपुर गांव में ग्रामीण पिछले करीब 20 वर्षों से जलभराव और कीचड़ की समस्या से परेशान हैं। बारिश के मौसम में गांव का मुख्य रास्ता पूरी तरह कीचड़ में तब्दील हो जाता है, जिससे लोगों का आवागमन बेहद कठिन हो जाता है।
ग्रामीणों का आरोप है कि जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी लंबे समय तक रास्ते पर जमा रहता है। इसके चलते बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार ग्राम पंचायत और संबंधित अधिकारियों से शिकायत कर पक्की नाली एवं इंटरलॉकिंग सड़क बनवाने की मांग की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि करीब दो दशक से समस्या जस की तस बनी हुई है और उन्हें मजबूरी में कीचड़ व जलभराव से होकर गुजरना पड़ता है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से गांव का निरीक्षण कराकर जल्द से जल्द पक्की नाली और इंटरलॉकिंग सड़क का निर्माण कराने की मांग की है, ताकि वर्षों पुरानी इस समस्या का स्थायी समाधान हो सके।
