बांदा। जिले के बबेरू कोतवाली क्षेत्र के फंफूदी गांव में आपसी विवाद के बाद एक युवक ने कथित तौर पर नशे की हालत में अपने चचेरे भाई को गोली मार दी। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर दोनों चचेरे भाइयों के बीच विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने गोली चला दी, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
परिजनों ने घायल को तत्काल बबेरू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। घायल का इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी के कब्जे से एक धारदार हथियार भी बरामद किया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्ट: ज़ीशान अख्तर, बांदा
