गाजियाबाद। रक्षाबंधन पर्व से पहले मिलावटी मिठाइयों पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जिले में छापेमारी अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में मोदीनगर बस अड्डे स्थित बालाजी स्वीट्स पर खाद्य विभाग की टीम ने निरीक्षण किया।
कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी पी.के. वर्मा ने मिठाइयों के निर्माण और बिक्री में इस्तेमाल हो रहे खाद्य पदार्थों की जांच की। टीम ने दुकान से खोया, मिल्क केक और सफेद रसगुल्ले के नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेज दिए। रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पी.के. वर्मा ने बताया कि यह अभियान आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, लखनऊ तथा जिलाधिकारी गाजियाबाद के निर्देश पर चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिले के बड़े मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स पर भी लगातार कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने बताया कि इससे पहले कलछीना, नाहली और त्योंहड़ी क्षेत्रों में भी खाद्य विभाग द्वारा छापेमारी की जा चुकी है। विभाग का उद्देश्य रक्षाबंधन के दौरान मिलावटी और घटिया गुणवत्ता वाली मिठाइयों की बिक्री पर रोक लगाकर उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है।
