एटा। जनपद में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बीच अब बेखौफ चोरों ने धार्मिक स्थल को निशाना बनाया है। जैथरा कस्बे के गांधी नगर मोहल्ला स्थित हनुमानगढ़ी मंदिर में चोरी की वारदात से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में आक्रोश है।
चोर मंदिर से एक घंटा तथा पीतल और तांबे के अन्य सामान चोरी कर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही मंदिर परिसर में लोगों की भीड़ जुट गई और क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
मंदिर के महंत मधुसूदन दास ने थाना जैथरा में तहरीर देकर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। घटना के बाद पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।
सीओ अलीगंज ने बताया कि मंदिर से एक घंटा चोरी हुआ है। पुलिस चोर की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। मामले की जांच जारी है।
रिपोर्ट: कुनाल सिंह सोलंकी, एटा
