बिजनौर। जिले के नवागत पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार विश्नोई ने पुलिस लाइन सभागार में पत्रकारों से संवाद करते हुए अपनी कार्यशैली और प्राथमिकताओं को स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता होगी और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एसपी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कानून-व्यवस्था से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा और पुलिसकर्मियों की लापरवाही भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि पीड़ितों की शिकायतों को गंभीरता से सुना जाएगा और उन्हें समयबद्ध न्याय दिलाना पुलिस की प्राथमिकता रहेगी।
आम जनता को अपनी समस्या के समाधान के लिए किसी सिफारिश या प्रभावशाली व्यक्ति के फोन की आवश्यकता नहीं है। कोई भी पीड़ित सीधे पुलिस से संपर्क कर अपनी बात रख सकता है।
नवागत एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई ने स्पष्ट संदेश दिया कि जिले में अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई, पीड़ितों को न्याय और जवाबदेह पुलिसिंग सुनिश्चित की जाएगी।
