फतेहपुर के थरियांव क्षेत्र में नेशनल हाईवे-19 पर शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। प्रयागराज से कानपुर जा रहा एक हाइड्रोजन टैंकर हाईवे किनारे खड़े कंटेनर ट्रक से जा भिड़ा। टक्कर इतनी भीषण थी कि कंटेनर ट्रक करीब 200 मीटर तक सड़क पर घिसटता चला गया।
हादसे में टैंकर चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया। सूचना मिलते ही पुलिस, स्थानीय ग्रामीण और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद केबिन को काटकर चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया। राहत एवं बचाव कार्य का नेतृत्व सीसी टीम प्रभारी सतीश पवार ने पुलिस बल के साथ किया।
गंभीर रूप से घायल चालक को पहले थरियांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया।
हादसे के कारण कुछ समय तक नेशनल हाईवे-19 पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने बाद में सुचारु कराया। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे किनारे खड़े भारी वाहनों के कारण इस क्षेत्र में आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। रामपुर-थरियांव क्षेत्र को पहले से ही दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट माना जाता है।
फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
रिपोर्ट: रिजवान उददीन | फतेहपुर
