एटा: जिले के अलीगंज थाना क्षेत्र के विजयदेपुर गांव में खेत पर काम कर रहे एक किसान की सांप के डसने से मौत हो गई। परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, 29 वर्षीय मानसिंह बुधवार सुबह अपने खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें सांप ने डस लिया। परिजनों ने तत्काल उन्हें उपचार के लिए फर्रुखाबाद ले जाने का प्रयास किया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है।
ग्रामीणों के अनुसार, बारिश के मौसम में खेतों में सांप निकलने की घटनाएं बढ़ जाती हैं, जिससे किसानों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत होती है।
रिपोर्ट: कुनाल सिंह सोलंकी, एटा
